नगर पंचायत रोड पर एक दुकान में छापा भरकर अवैध रूप से रखी गई दवाई एवं मशीनीरी के पुर्जे बरामद किये।
यूके समाचार 24
05 नवंबर 2026
झबरेड़ा। नगर पंचायत रोड स्थित एक दुकान पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम ने देर शाम छापेमारी की। पुलिस रिमांड पर चल रहे ₹20,000 के इनामी अंतर्राजये आरोपी की निशानदेही पर की गई इस कार्रवाई से कस्बे में हड़कंप मच गया। टीम ने मौके से भारी मात्रा में दवाइयों का स्टॉक और दवा निर्माण/पैकिंग से जुड़े मशीनरी पार्ट्स बरामद कर दुकान को सील कर दिया है।ड्रग्स इंस्पेक्टर हरीश सिंह ने मौके पर जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली पुलिस ने कुछ समय पूर्व साउथ एक्स क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार किया था। पकड़े गए आरोपी की पहचान जयपुर (राजस्थान) निवासी राजेश यादव के रूप में हुई। पूछताछ एवं पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया था कि उसकी पानीपत (हरियाणा) में एक दवा फैक्ट्री थी और वहां से कुछ माल व मशीनरी पार्ट्स झबरेड़ा में नगर पंचायत रोड स्थित इस दुकान पर शिफ्ट किए गए हैं।आरोपी की निशानदेही पर जब ड्रग्स विभाग और दिल्ली पुलिस की टीम ने नगर पंचायत रोड स्थित दुकान का शटर खुलवाकर जांच की, तो अंदर भारी मात्रा में दवाइयों के डिब्बे और दवा निर्माण संबंधी मशीनरी के कलपुर्जे रखे मिले। जांच के दौरान मौके पर दवाओं के क्रय-विक्रय, भंडारण अथवा इकाई के संचालन से संबंधित कोई भी वैध ड्रग लाइसेंस या कागजात नहीं मिले ।छापेमारी के दौरान टीम ने मौके पर जब्ती व जांच की विधिवत कागजी कार्रवाई पूरी की। ड्रग्स इंस्पेक्टर ने स्पष्ट किया कि बरामद दवाइयां प्रतिबंधित (नारकोटिक) श्रेणी की नहीं हैं, लेकिन अनाधिकृत रूप से रखी गई थी। दवाइयों की गुणवत्ता जांचने के लिए कि दवाएं असली हैं या नकली, नियमानुसार फॉर्म-17 भरकर दवाओं के डिब्बों पर सरकारी मुहर लगाकर नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। सैंपलिंग प्रक्रिया के बाद टीम ने दुकान के शटर को सील कर दिया,
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी राजेश यादव आदतन अपराधी है। उस पर पूर्व में एनडीपीएस एक्ट सहित दो गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से वांछित चल रहा था और उस पर 20,000 रुपए का इनाम घोषित है । ड्रग्स इंस्पेक्टर हरीश सिंह ने बताया कि क्षेत्र में बिना लाइसेंस या अवैध तरीके से दवाओं के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा,और ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
